केंद्रीय हिंदी संस्थान राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विख्यात हिंदी शिक्षण का एक प्रमुख संस्थान है। पिछले लगभग 50 वर्षों से अधिक समय से लगातार संस्थान ने द्वितीय भाषा शिक्षण एवं प्रशिक्षण प्रविधि में विशेषज्ञता अर्जित की है। विदेशी भाषा के रूप में हिंदी शिक्षण के क्षेत्र में भी संस्थान को दुनिया के एक प्रमुख और विश्वसनीय संस्थान के तौर पर प्रतिष्ठा हासिल है। यही कारण है कि दुनिया के 80 से अधिक देशों से विद्यार्थी संस्थान आकर हिंदी पढ़ चुके हैं और पढ़ना पसंद करते हैं। हर साल लगभग 35 देशों के 200 से अधिक विद्यार्थी संस्थान के आगरा मुख्यालय और दिल्ली केंद्र में आकर हिंदी सीखते हैं।